एक ही दिल कितनी बार जीतोगे आप... आनंद महिंद्रा ने आखिर ऐसा क्या किया कि गदगद हो गए यूजर्स?

नई दिल्ली: महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन और देश के दिग्गज उद्योगपति आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) अपने मजेदार ट्वीट्स के कारण अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। इस बार उन्होंने एक ऐसा ट्वीट किया है जिससे यूजर्स गदगद हो गए। महिंद्रा ने देश के युवा शतरंज खिलाड़ी के आर प्रज्ञानंद को एक कार गिफ्ट करने की घोषणा की है। प्रज्ञानंद हाल में वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन से हार गए थे। प्रज्ञानंद भले ही इतिहास रचने से चूक गए लेकिन अपने खेल से उन्होंने करोड़ों देशवासियों का दिल जीत लिया। इसे देखते हुए ट्विटर पर कई यूजर्स ने आनंद महिंद्रा से प्रज्ञानंद को थार गिफ्ट करने की मांग कर दी। उनका कहना था कि प्रज्ञानंदा ने जो उपलब्धि हासिल की है, उसके लिए एक थार तो बनती है।इस पर महिंद्रा ने प्रज्ञानंद के माता-पिता को एक इलेक्ट्रिक कार गिफ्ट देने की घोषणा की है। उन्होंने ट्वीट किया, 'मैं उन सभी यूजर्स की भावनाओं की कद्र करता हूं जो मुझसे प्रज्ञानंद को गिफ्ट में थार देने की मांग कर रहे हैं। लेकिन मेरे पास एक दूसरा आइडिया है... मैं पेरेंट्स को अपने बच्चों को चेस खेलने के लिए उत्साहित करना चाहता हूं और इसमें उन्हें सपोर्ट करना चाहता हूं। यह ईवी की तरह हमारे ग्रह के बेहतर भविष्य के लिए एक निवेश है। इसलिए मुझे लगता है कि हमें प्रज्ञानंद के माता-पिता को एक XUV4OO EV गिफ्ट करनी चाहिए।'

यूजर्स ने क्या कहा

महिंद्रा के इस ट्वीट पर यूजर्स ने मजेदार कमेंट्स किए हैं। अब तक 18 लाख से अधिक लोग इसे देख चुके हैं। ट्विटर पर महिंद्रा के एक करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं। निकेश जैन नाम के एक यूजर ने लिखा, 'एक ही दिल आनंद जी कितनी बार जीतोगे आप।' अमित मिश्रा नाम के एक यूजर ने लिखा कि आपका विचार बहुत अच्छा है। असली जीत युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और एक स्थायी भविष्य की तरफ ले जाना है। यह ऐसा गिफ्ट है जिसका असर देर तक रहेगा। हालांकि कुछ यूजर्स ने लगे हाथों अपने लिए भी थार की मांग कर डाली। परलोकी बाबा नाम के एक हैंडल ने ट्वीट किया, 'मैं भी एक छोटा सा चेस प्लेयर हूं। मुझे एक सेकेंड हैंड थार भी दोगे तो चलेगा।'


from https://ift.tt/AkRSfnz

Comments