75 साल का दूल्हा और 70 की दुल्हन, कोल्हापुर में हुई अनोखी शादी, बारात में शामिल हुआ पूरा गांव

कोल्हापूर: किसी ने सच कहा है कि प्यार करने की कोई उम्र नहीं होती, यह बात महाराष्ट्र के इस दंपति पर बिलकुल सटीक बैठती है। दरअसल उम्र के 75वें साल में एक बुजुर्ग व्यक्ति ने एक 70 साल की महिला से शादी की है। अब इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे महाराष्ट्र में हो रही है। यह मामला महाराष्ट्र के कोल्हापूर जिले का है। शादी के पहले दूल्हा और दुल्हन एक वृद्धाश्रम में रहते थे। जहां दोनों की जान पहचान हुई और फिर एक-दूसरे के साथ आगे का जीवन संग बिताने का फैसला किया। पुणे जिले के वाघोली की रहने वाली 70 साल की इस दुल्हन का नाम अनुसूया शिंदे है। जबकि शिरोल तहसील के रहने वाले 75 वर्षीय दूल्हे का नाम बाबूराव पाटिल है। दोनों ही लोग अपने-अपने पुराने जीवनसाथी को खो चुके थे। इसी वजह से दोनों ही लोग शिरोल तहसील के घोसरवाड स्थित जानकी वृद्धाश्रम में रहते थे। जब उनकी शादी की इच्छा की जानकारी वृद्धाश्रम के संचालक बाबासाहेब पुजारी को हुई तो उन्होंने सभी जरूरी कागजी कार्यवाही पूरी कर दोनों लोगों की शादी करवाई। वृद्धाश्रम में हुई मुलाकात शादी पर खत्म हुई शादी के पहले दोनों ही लोग लगभग एक जैसी तकलीफों से गुजर रहे थे। इसी बीच एक-दूसरे से बातचीत और दुख दर्द बांटने का सिलसिला शुरू हुआ। जिस गाँव में यह अनोखी शादी संपन्न हुई वहां के प्रमुख लोगों की मौजूदगी में पूरे रीति रिवाज और विधि-विधान के साथ इस शादी को करवाया गया। इस शादी में कोई जात पात, ऊंच नीच या फिर कुंडली का मिलान नहीं किया गया है। दंपति को शारीरिक सुख या फिर धन संपत्ति की भी लालसा नहीं है। इस जोड़े की इच्छा है तो सिर्फ इतनी की बची हुई जिंदगी एकदूसरे के साथ हंसी ख़ुशी बीत जाये। शादी के बाद भी यह बुजुर्ग जोड़ा वृद्धाश्रम में ही रहेगा। शादी के पहले भी इस जोड़े सभी पहलुओं पर सोच विचार किया था। जिसके बाद संचालक से शादी की बात कही थी।


from https://ift.tt/lDwgopu

Comments

Popular posts from this blog

आध क गलत सचन और करयकरम म एक घट क दर स पहच सएम गहलत फर हआ एकशन