हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे PM मोदी? JMM ने भेजा आमंत्रण

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने वाले हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में आने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रण भेजा जाएगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि 28 नवंबर को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रण पत्र भेजा जाएगा। वह इस कार्यक्रम में शामिल हों या नहीं नहीं यह उनकी मर्जी होगी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और उनकी पार्टी ने झारखंड में नफरत फैलाने की कोशिश, इसलिए हम इसका जवाब प्रेम से दे रहे हैं।सुप्रियो ने कहा कि 28 नवंबर को हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमन्त बिश्व शर्मा को भी आमंत्रण पत्र भेजा जाएगा। झामुमो नेता ने कहा कि हिमन्त बिश्व शर्मा ने जिस संथाल परगना में भाजपा के लिए नफरत के बीज बोए थे, वहां उनका सूपड़ा साफ हो गया है। वोटरों ने इस क्षेत्र में केवल रुदाली करने के लिए एक सीट दे दी है।

खुद आमंत्रित करने जाएंगे हेमंत सोरेन

हेमंत सोरेन दिल्ली जाकर पीएम मोदी और कांग्रेस नेताओं को शपथ ग्रहण समारोह का न्योता देंगे। पीएमओ से समय मिलने पर सोरेन प्रधानमंत्री को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करेंगे। वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से भी मिलेंगे। सोनिया गांधी को भी न्योता दिया जाएगा।झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी में जुटे हैं। इससे पहले वह दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न्योता देंगे। सोरेन के कार्यालय ने पीएमओ से समय मांगा है। समय मिलने पर सोरेन पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे और उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्योता देंगे। यह मुलाकात व्यक्तिगत रूप से होगी।दिल्ली में सोरेन कांग्रेस के बड़े नेताओं से भी मिलेंगे। वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। सोरेन उन्हें भी शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण देंगे। इसके अलावा, सोनिया गांधी को भी निमंत्रण दिया जाएगा। शपथ ग्रहण और कैबिनेट गठन से पहले सोरेन की यह दिल्ली यात्रा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

शपथ ग्रहण में राहुल गांधी करेंगे शिरकत

झारखंड में हेमंत सोरेन फिर से मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। 28 नवंबर को उनका शपथ ग्रहण समारोह होगा। इस समारोह में राहुल गांधी, तेजस्वी यादव समेत 'इंडिया' गठबंधन के कई बड़े नेता शामिल होंगे। सोरेन की पार्टी झामुमो ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और राजद के साथ मिलकर बड़ी जीत हासिल की है।

लगातार दूसरी बार जीते हेमंत सोरेन

हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गठबंधन ने झारखंड विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया है। 81 सदस्यीय विधानसभा में 56 सीटें जीतकर गठबंधन लगातार दूसरी बार सत्ता में आ रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राजग को सिर्फ 24 सीटें ही मिल पाईं। सोरेन खुद बरहैट सीट से भाजपा के गमलियल हेम्ब्रम को लगभग 40,000 वोटों से हराकर जीते हैं।

रांची के मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण

28 नवंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में 'इंडिया' गठबंधन के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और राजद नेता तेजस्वी यादव के आने की उम्मीद है। यह समारोह राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटना होगी। इसमें देश भर के कई नेताओं का जमावड़ा देखने को मिलेगा।

हेमंत सोरेन सरकार का मंत्रिमंडल तय

मंत्रिमंडल में कौन-कौन शामिल होगा, इस पर भी चर्चा शुरू हो गई है। अभी तक की योजना के अनुसार, हर चार सीट जीतने पर एक मंत्री पद दिया जाएगा। इस हिसाब से कांग्रेस को चार मंत्री पद मिल सकते हैं। झामुमो ने 43 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 34 सीटें जीती हैं। यह पार्टी के इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। कांग्रेस को 16, राजद को 4 और भाकपा (माले) को 2 सीटें मिली हैं। समझौते के मुताबिक राजद को एक मंत्री पद मिल सकता है।शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। सोरेन ने रविवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया इससे पहले 'इंडिया' गठबंधन के नेताओं ने उन्हें विधायक दल का नेता चुना था। सरकार बनाने का दावा पेश करने से पहले सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। 28 नवंबर को शपथ ग्रहण तक वह कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम करेंगे।

झारखंड के 14वें सीएम होंगे हेमंत सोरेन

राज्यपाल से मिलने के बाद सोरेन ने पत्रकारों से कहा, 'मैं राज्यपाल से मिला। हमने सरकार बनाने का दावा पेश किया और गठबंधन सहयोगियों का समर्थन पत्र उन्हें सौंपा। उन्होंने हमें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। शपथ ग्रहण समारोह 28 नवंबर को होगा।' सोरेन झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। झारखंड राज्य 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर बना था। सोरेन चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। राज्य विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 41 है। सोरेन के नेतृत्व वाले गठबंधन के पास 56 सीटें हैं, यानी स्पष्ट बहुमत। इस जीत के साथ सोरेन राज्य की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखेंगे। देखना होगा कि नई सरकार राज्य के विकास के लिए क्या कदम उठाती है।


from https://ift.tt/vysM8En

Comments