हज 2025 के शेड्यूल का ऐलान, सऊदी अरब ने बदले कई अहम नियम, एक कमरे में नहीं रह सकेंगे पति-पत्नी
![](https://navbharattimes.indiatimes.com/photo/112675702/nbt-video.jpg)
रियाद: भारतीय हज समिति ने अगले साल, 2025 की हज यात्रा के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। राजस्थान राज्य हज समिति के अधिकारी डॉक्टर महमूद अली खान ने बताया है कि ऑनलाइन आवेदन 9 सितंबर तक जमा किए जा सकते हैं। सितंबर के तीसरे सप्ताह में रेंडम डिजिटल सिलेक्शन के जरिए तीर्थयात्रियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद चयनित लोगों को फीस जमा करनी होगी। साथ ही पासपोर्ट की हार्ड कॉपी और स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी अक्टूबर के दूसरे या तीसरे सप्ताह तक हज समिति को जमा करना होगा। इस बार हज के लिए सऊदी सरकार ने नियमों में भी कुछ बदलाव किए हैं। हज के दौरान विवाहित जोड़े को अब एक ही कमरे में रहने की अनुमति नहीं है। यह नया नियम हज 2025 से लागू होगा। पुरुष और महिला तीर्थयात्रियों को अलग-अलग कमरों में रखा जाएगा और पुरुषों को महिला तीर्थयात्रियों के कमरे में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी द वोकल न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार, भले ही पति और पत्नी कमरा शेयर नहीं करेंगे लेकिन आसानी के लिए उनके कमरे पास-पास होंगे। महिला तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और प्राइवेसी बढ़ाने के उद्देश्य से यह किया गया है।
जून में होगा अगले साल हज
अगले साल हज यात्री भारत से 29 अप्रैल से 30 मई, 2025 के बीच सऊदी जाएंगे है। हज के मुख्य अनुष्ठान 3 जून से 8 जून तक होगी। यह तीर्थयात्रा का सबसे महत्वपूर्ण चरण है, जहां लाखों मुसलमान अपने विश्वास के केंद्र में अनुष्ठान करने के लिए मक्का में इकट्ठा होते हैं। हज पूरा करने के बाद तीर्थयात्री अपनी वापसी यात्रा शुरू करेंगे। तीर्थयात्रियों की वापसी 11 जून से 10 जून तक निर्धारित है। अभी तक 70 साल से ज्यादा उम्र के तीर्थयात्रियों को एक साथी लाने की अनुमति थी। नए नियमों में ये आयु सीमा को घटाकर 65 वर्ष कर दिया है। हज एक महत्वपूर्ण धार्मिक यात्रा है, जिसे दुनिया भर के सभी मुसलमानों को अपने जीवनकाल में कम से कम एक बार करना होता है। यह उन लोगों पर फर्ज है जो सऊदी अरब में इस महत्वपूर्ण तीर्थयात्रा को करने के लिए आर्थिक और शारीरिक रूप से सक्षम हैं। भारत से 1,75,000 लोग हज करने के लिए सऊदी अरब जाते हैं।from https://ift.tt/DINFoKQ
Comments
Post a Comment